Uttar Pradesh News : हज-2027 के चयनित यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग जरूरी, 15 सितंबर तक दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश
महराजगंज, 8 सितंबर 2026। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री तन्मय ने विज्ञप्ति जारी कर हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के पत्र के क्रम में हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा सर्कुलर-10, दिनांक 1 सितंबर 2026 जारी किया गया है। इसके अनुसार चयनित हज यात्रियों को दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच कराना अनिवार्य होगा। प्रथम चरण चयन के बाद तथा द्वितीय चरण उड़ान से पूर्व कराया जाएगा।
प्रथम चरण में चयनित यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्र में जांच कराकर एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को भी शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं।
15 सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे दस्तावेज
मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज 15 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रमाण पत्र एवं जांच रिपोर्ट की मूल प्रति/प्रतिलिपि अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान इन्हें प्रस्तुत किया जा सके।
विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मेडिकल जांच के दौरान किसी भी बीमारी की जानकारी छिपाई नहीं जाए। जांच में अनफिट पाए जाने वाले यात्रियों की हज यात्रा नियमानुसार निरस्त की जा सकती है और उनकी जमा धनराशि नियमों के अनुसार वापस की जाएगी। वहीं, यदि किसी यात्री द्वारा जानबूझकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाई जाती है और जांच में वह अनफिट पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है तथा नियमानुसार जमा धनराशि जब्त किए जाने का प्रावधान भी लागू हो सकता है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के हज-2027 के सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर मेडिकल स्क्रीनिंग, फिटनेस प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।


Subscribe to my channel