IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : उप जिलाधिकारी सदर की अभद्रता के विरोध में तहसील सदर में अधिवक्ताओं का जोरदार धरना-प्रदर्शन, पुलिस बल बुलाने से बढ़ा आक्रोश

रिपोर्टर गौरव शुक्ला शाहजहांपुर यू.पी.

शाहजहांपुर: तहसील सदर परिसर में उप जिलाधिकारी (SDM) सदर द्वारा अधिवक्ताओं के साथ कथित रूप से किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी सदर की कार्यशैली के खिलाफ तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि उप जिलाधिकारी ने संवाद करने के बजाय भारी पुलिस बल बुलवाकर अधिवक्ताओं को मानसिक रूप से आहत करने और डराने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि विवाद केवल अभद्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि तहसील की चरमरा चुकी प्रशासनिक व्यवस्था भी इसका बड़ा कारण है। अधिवक्ताओं के अनुसार, जब से नए तहसीलदार और नायब तहसीलदार आए हैं, तब से वादकारियों और अधिवक्ताओं की समस्याओं का कोई निस्तारण नहीं हो पा रहा है। राजस्व मामलों में लेखपालों द्वारा समय पर आख्या/रिपोर्ट न लगाना तथा अहलमद/आरआर (RR) द्वारा पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण न करना आम बात हो चुकी है, जिससे दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

इस धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने किया। मौके पर वरिष्ठता रज्जन बाबू मिश्रा, गोपाल मिश्रा, बी.पी. सिंह, घनश्याम मिश्र, संजीव मिश्रा, रविंद्र मिश्रा, महेंद्र बाजपेई, विपुल कुमार बाजपेई, महेंद्र श्रीवास्तव तथा राजेश सक्सेना , आदर्श कुमार सक्सेना ,समेत भारी संख्या में अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर चेतावनी दी है कि जब तक उप जिलाधिकारी सदर अपने व्यवहार के लिए खेद प्रकट नहीं करते और तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार व लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button