IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

टीजीटी-पीजीटी की पुरानी नियमावली बहाली को छात्रों ने किया हवन-पूजन

नई नियमावली लागू होने से परीक्षा से वंचित होने का जताया डर, प्रयागराज में आमरण अनशन जारी

 

मनकापुर, गोण्डा। टीजीटी-पीजीटी परीक्षा में पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को मनकापुर में छात्रों ने हवन-पूजन कर हनुमान जी से प्रार्थना की। छात्रों ने कहा कि वे लंबे समय से पुरानी नियमावली के आधार पर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, ऐसे में परीक्षा आवेदन के समय नई नियमावली लागू किए जाने से उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।

छात्रों के अनुसार, 5 सितंबर से प्रयागराज में पुरानी नियमावली बहाली की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्र प्रयागराज पहुंचकर आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। मनकापुर में भी छात्रों ने हवन-पूजन के माध्यम से अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद की।

मनकापुर की छात्रा पूजा मनमोहिनी ने बताया कि छात्रों ने विगत एक दशक से पुरानी नियमावली के अनुसार टीजीटी-पीजीटी परीक्षा की तैयारी की है। अब परीक्षा फॉर्म भरने के समय नई नियमावली लागू किए जाने से कई छात्र परीक्षा से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे वर्षों की मेहनत और तैयारी पर पानी फिरने की आशंका है।

छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव समेत शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कई महीनों से पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग की जा रही है। इसके बावजूद अभी तक नियमावली बहाली को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।

छात्रों ने कहा कि लगातार मांग और ज्ञापन के बाद भी समाधान न निकलने पर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। इसी क्रम में मनकापुर में हनुमान जी के समक्ष हवन-पूजन किया गया, जबकि प्रयागराज में आमरण अनशन जारी है। छात्रों ने शासन से जल्द हस्तक्षेप कर पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग की है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button