शिक्षक दिवस पर बच्चों ने गुरुजनों का जताया आभार
कंपोजिट विद्यालय बंजरिया समेत कई विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, बच्चों ने काटा केक और भेंट किए उपहार

मनकापुर, गोण्डा। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। कंपोजिट विद्यालय बंजरिया में बच्चों ने शिक्षक दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया। विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बच्चों ने केक काटकर शिक्षकों को खिलाया तथा उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने प्रिय शिक्षकों के सम्मान में गीत प्रस्तुत किए और गीतों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने भी बच्चों को शिक्षा के महत्व और गुरु-शिष्य परंपरा के बारे में प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में बच्चों ने शिक्षकों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय मनकापुर बाजार, प्राइमरी पाठशाला मझरिया, प्राइमरी पाठशाला कुंजलपुर, कंपोजिट विद्यालय भिटौरा, दलीपुरवा सहित क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी शिक्षक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालयों में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने शिक्षकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अंशिका, खुशी, ललिता, माही, अंकित, पियूष, रोहित, मोहित, दीपांशी, जानवी, मुस्कान, ईशा, हिमांशु, निष्ठा, आदर्श, माही गुप्ता सहित दर्जनों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षकों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस जैसे आयोजन बच्चों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, संस्कार और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करते हैं।




Subscribe to my channel