IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News : चतरा पुलिस में बड़ा फेरबदल, तीन थानों को मिले नए प्रभारी

दिलेश्वर को गिद्धौर, संदीप को हंटरगंज और अमित कुमार को कुंदा की कमान, एसपी ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड

चतरा जिले में कानून- व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त करने को लेकर एसपी अनिमेष नैथानी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन थानों में नए प्रभारियों की पदस्थापना की है।टंडवा में पदस्थापित अवर निरीक्षक संदीप कुमार को हंटरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है, वहीं अवर निरीक्षक दिलेश्वर कुमार को गिद्धौर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इधर, बुधवार को अमित कुमार ने कुंदा थाना के नए प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस संबंध में गोपनीय शाखा ने आदेश जारी कर सभी को अविलंब योगदान का निर्देश दिया है। 2018 बैच के संदीप कुमार राजपुर थाना प्रभारी रह चुके हैं और सदर व टंडवा थाने में भी सेवा दे चुके हैं। 2012 बैच के दिलेश्वर कुमार वशिष्ठनगर- जोरी थाना प्रभारी का दायित्व संभाल चुके हैं। दोनों के अनुभव को देखते हुए महत्वपूर्ण थानों की कमान सौंपी गई है। अवर निरीक्षक प्रभात कुमार के तबादले के बाद से हंटरगंज थाना प्रभारी का पद खाली था, जिसका अतिरिक्त प्रभार पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार संभाल रहे थे। वहीं गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री को लाइन क्लोज कर दिया गया है।

उधर, कुंदा के नए थाना प्रभारी अमित कुमार ने पदभार संभालते ही नक्सल गतिविधियों की रोकथाम और अफीम की अवैध खेती व कारोबार पर अंकुश को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व गश्त बढ़ाई जाएगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। जनता से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने पुलिस-पब्लिक समन्वय से भयमुक्त माहौल कायम करने की बात कही। एसपी ने दिया सख्त संदेश एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि कार्यक्षमता के अनुरूप जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। सभी नए प्रभारियों को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जन शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश दिया गया है। पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button