IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

प्लेटफॉर्म बदलने की मांग, यात्रियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

बस्तर क्षेत्र के यात्रियों को हो रही असुविधा को लेकर स्थानीय नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बस्तर सांसद महेश कश्यप से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम जगदलपुर एक्सप्रेस का जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन प्लेटफॉर्म नंबर 3 के स्थान पर प्लेटफॉर्म नंबर 1 में सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद महेश कश्यप को बताया कि विशाखापट्टनम से जगदलपुर आने वाली उक्त ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आने के कारण यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए सीढ़ियों एवं फुट ओवरब्रिज का उपयोग करना पड़ता है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों, दिव्यांगजनों तथा भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस्तर क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार के लिए विशाखापट्टनम जाते हैं। उपचार के बाद जब वे वापस लौटते हैं तब बीमारी अथवा शारीरिक कमजोरी की स्थिति में प्लेटफॉर्म नंबर-3 से सीढ़ियां चढ़ना-उतरना उनके लिए बेहद कष्टदायक हो जाता है। ऐसे में यात्री सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 18515 का आगमन स्थायी रूप से प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर किया जाना आवश्यक है।

सांसद महेश कश्यप ने त्वरित पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं मांग को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि यात्रियों की यह मांग जनहित से जुड़ी और पूरी तरह जायज है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे इस विषय में ईस्ट कोस्ट रेलवे के उच्च अधिकारियों एवं वाल्टेयर रेल डिवीजन के डीआरएम से चर्चा करेंगे तथा ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर1 पर लाने के लिए हर संभव त्वरित प्रयास करेंगे। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और यात्रियों की सुविधा से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में बस्तर रेल विकास समिति के सदस्यों में पार्षद व जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, बी रामेश्वर राव, नीरज उस्तान, एवी रामा राव, राजेश साव, एन वेणुगोपाल, पी रंगा आचार्य, अनुप सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल यात्री एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सांसद महेश कश्यप की पहल से ट्रेन संख्या 18515 का प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आगमन सुनिश्चित होगा जिससे बस्तर के हजारों रेल यात्रियों को राहत मिलेगी।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button