Uttar Pradesh News : अक़ीदत से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, निकले जुलुस ए मुहम्मदी, जगह जगह हुआ इस्तक़बाल

ब्यूरो चीफ साकिर हसन अंसारी गाजीपुर उत्तर प्रदेश
जमानियां। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की पैदाइश के मुबारक मौके पर ईद मिलादुन्नबी का त्योहार जमानियां में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर जमानियां रेलवे स्टेशन स्थित जामा मस्जिद से जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूसे मुहम्मदी में बरुईन, तलाशपुर, नई बाजार और असना सहित आसपास के गांवों की मस्जिदों और मदरसों से आए लोग भी शामिल हुए। जुलूस जामा मस्जिद के मुख्य जुलूस के साथ आगे बढ़ा। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘आमदे मुस्तफा’ और ‘लब्बैक या रसूलल्लाह’ के नारों से गूंजता रहा।

जामा मस्जिद जमानियां के इमाम हाफिज व कारी ऐनामुल हक रिजवी ने कहा कि रसूलल्लाह ﷺ सारे आलम के लिए रहमत बनकर आए और उन्होंने दुनिया को अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया। उन्होंने लोगों से पैगम्बर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं पर अमल करने की अपील की। जुलूस का रास्ते में जगह-जगह लोगों द्वारा इस्तकबाल किया गया। इस दौरान लोगों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का स्वागत किया और तबर्रुकात तक्सीम किए। जुलूसे मुहम्मदी जामा मस्जिद से निकलकर गांधी चौक, सब्जी मंडी, बाईपास और मदनपुरा रोड होते हुए बरुईन मोड़ पहुंचा। बरुईन मोड़ पर सलाम पढ़ी गई और मुल्क में अमन-ओ-अमान, भाईचारे तथा खुशहाली के लिए दुआ की गई। इसके बाद जुलूस में शामिल लोग अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए। जुलूस के दौरान प्रशासन और आयोजकों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।


Subscribe to my channel