IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : लगातार हो रही बारिश से गिरने लगे मकान

ब्यूरो चीफ सागर कुमार इटावा उत्तर प्रदेश

महेवा विकास खंड क्षेत्र में मंगलवार की शाम से लगातार हो रही बारिश के बीच कई गावो मे मकानों की छत और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ग्राम लाखी अन्दावा में रमेश बाबू पुत्र गजाधर सिंह के घर की पक्की छत अचानक गिर गई। हादसे के दौरान घर में मौजूद उनकी 25 वर्षीय पुत्री वंदना छत के मलबे की चपेट में आकर घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल वंदना को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसके सिर में आई चोट का उपचार किया, जिसमें करीब 12 टांके लगाए गए। हादसे के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गनीमत रही कि छत गिरने की घटना में परिवार के अन्य सदस्य इसकी चपेट में नहीं आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। छत गिरने की सूचना मिलने पर लेखपाल विवेक यादव तथा ग्राम प्रशासक चरन सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए परिवार से हादसे की जानकारी ली तथा मकान को हुए नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल ने मौके की स्थिति की जानकारी भी जुटाई।

लालपुर में गिरी मकान की दीवार वहीं विकास खंड क्षेत्र के ग्राम लालपुर में रेखा देवी पत्नी पवन कुमार के घर की दीवार गिरने की सूचना भी प्रशासन को प्राप्त हुई। सूचना मिलने के बाद ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि बंटू शुक्ला एवं लेखपाल विवेक यादव मौके पर पहुंचकर स्थलीय जांच की गई। संबंधित अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दीवार गिरने से हुए नुकसान की स्थिति देखी और परिवार से जानकारी प्राप्त की। लगातार बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने और कमजोर मकानों की दीवारों व छतों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण मकानों में नमी बढ़ने से कई स्थानों पर दीवारें कमजोर हो रही हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के मकानों का सर्वे कराया जाना जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का स्थलीय सत्यापन कराकर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button