IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News : चतरा पुलिस की बड़ी पहल, ऑपरेशन भरोसा के तहत 18 गुम मोबाइल बरामद

सीईआईआर पोर्टल की मदद से एक माह चला विशेष अभियान, वास्तविक धारकों को सौंपे गए फोन

रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड

चतरा। आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करने और गुम मोबाइल की बरामदगी को लेकर चतरा पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन भरोसा के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक माह के विशेष अभियान में चतरा जिला एवं अन्य जिलों से कुल 18 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाया है। बरामद मोबाइल 25 अगस्त को चतरा समाहरणालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान धारकों को सुपुर्द किया गया। चतरा मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को विगत एक माह में गुम मोबाइल फोन से संबंधित दर्ज सनहा एवं सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया गया था।

निर्देश के आलोक में सभी थाना प्रभारियों द्वारा अभियान चलाते हुए गुम मोबाइल फोन की बरामदगी की गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान पिपरवार थाना से 2, गिद्धौर से 1, हंटरगंज से 5, सिमरिया से 2, लावालौंग से 1, वशिष्ठनगर से 1, राजपुर से 1, इटखोरी से 2 और पत्थलगड्डा थाना से 3 मोबाइल बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 18 मोबाइल बरामद हुए। डीएसपी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजनों को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग एवं गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी सीईआईआर पोर्टल के प्रति जागरूक करें। मोबाइल पाकर धारकों ने चतरा पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास जताया। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी आमजनों की सेवा और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button