Jharkhand News : छाताबाद भू-धंसान पर चार घंटे की मैराथन बैठक, पुनर्वास और सुरक्षा को लेकर बनी सहमति
आईआईटी-आईएसएम करेगा छाताबाद के डेंजर जोन का सर्वे, घायलों को चिकित्सा सहायता और प्रभावितों के पुनर्वास पर बनी सहमति

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 24 अगस्त 2026। छाताबाद में भू-धंसान की घटना के बाद प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को धनबाद सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक हुई। झारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन की अध्यक्षता और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक चली बैठक में प्रभावित परिवारों, बीसीसीएल और जेआरडीए के प्रतिनिधियों के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी पक्षों की बात सुनने के बाद मंत्री की पहल पर प्रभावित परिवारों और बीसीसीएल के बीच पुनर्वास, मुआवजा, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। इससे लंबे समय से अपनी सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर चिंता जता रहे प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

👉आईआईटी-आईएसएम करेगा डेंजर जोन का सर्वे
प्रभावित परिवारों की प्रमुख मांग को स्वीकार करते हुए भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र का आईआईटी-आईएसएम से तकनीकी सर्वेक्षण कराने पर सहमति बनी। सर्वे के आधार पर डेंजर जोन का सीमांकन किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट एक महीने के भीतर उपलब्ध कराने की बात तय हुई। सर्वेक्षण के दायरे में केवल आवासीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि घटनास्थल के आसपास स्थित मस्जिद, मदरसा, ईदगाह और स्कूल को भी शामिल किया जाएगा, ताकि संवेदनशील इलाकों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
👉घायलों के इलाज से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक पर जोर
बैठक में भू-धंसान की घटना में घायल लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही खनन कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और ब्लास्टिंग से संबंधित नियमों का सख्ती से पालन करने की बात कही गई। घटनास्थल के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था करने तथा भू-धंसान एवं आग प्रभावित क्षेत्रों के लिए प्रभावी इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार करने का निर्देश भी मंत्री ने दिया।
👉मुख्यमंत्री के निर्देश पर छाताबाद पहुंचे मंत्री
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर और उनके प्रतिनिधि के रूप में छाताबाद पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भू-धंसान की घटना को गंभीरता से लिया है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के लिए भू-धंसान तथा डेंजर जोन में रह रहे लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों और बीसीसीएल के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाएगा।
👉बेलगड़िया के अलावा 20-21 साइट तैयार
बैठक में बीसीसीएल की ओर से बताया गया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए बेलगड़िया के अतिरिक्त करीब 20-21 अन्य साइट शिफ्टिंग के लिए तैयार रखी गई हैं। वहीं प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को उपलब्ध पुनर्वास सुविधाओं की जानकारी दी। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि डेंजर जोन में रहने वाले लोगों को कई बार बस के माध्यम से बेलगड़िया का भ्रमण कराया गया है। भ्रमण के दौरान कई परिवार वहां रहने के लिए सहमत भी होते हैं, लेकिन वापस लौटने के बाद शिफ्टिंग को लेकर सहमति नहीं बन पाती।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर बेलगड़िया में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विस्थापित परिवारों के रोजगार के लिए भी विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
👉सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक का समापन
करीब चार घंटे तक चली बैठक के अंत में मंत्री की मौजूदगी में सभी पक्षों ने चर्चा किए गए बिंदुओं पर अपनी सहमति जताई। इसके साथ ही बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन, बीसीसीएल और प्रभावित परिवारों के बीच बनी यह सहमति छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक संजय कुमार सिंह, वार्ड संख्या 32 छाताबाद के पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन, चंद्रशेखर अग्रवाल, मन्नु आलम सहित जेआरडीए, बीसीसीएल के अधिकारी और छाताबाद के नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel