IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : मिलक में रोडवेज बस स्टेशन बनने की उम्मीद जगी, दीक्षा गंगवार की पहल रंग लाई

परिवहन विभाग के संयुक्त निरीक्षण में गाटा संख्या-91 बस स्टेशन के लिए उपयुक्त पाई गई, लीजडीड तैयार कराने के निर्देश

रिपोर्टर अंकित कुमार रामपुर, यू.पी.

मिलक। नगर को जल्द ही अपना रोडवेज बस स्टेशन मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष दीक्षा गंगवार की लगातार की जा रही पहल अब आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। परिवहन विभाग की क्षेत्रीय समिति द्वारा बस स्टेशन के लिए प्रस्तावित भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया गया, जिसमें गाटा संख्या-91 की भूमि को बस स्टेशन के लिए उपयुक्त पाया गया है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष दीक्षा गंगवार ने समाजसेवी एवं भाजपा नेता कु. नरेन्द्र सिंह गंगवार के साथ लखनऊ में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर मिलक में रोडवेज बस स्टेशन बनवाने की मांग रखी थी। परिवहन मंत्री ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने मुरादाबाद मंडल के आरएम से भी मुलाकात कर इस मांग को आगे बढ़ाया। अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, रामपुर डिपो की ओर से नगर पालिका परिषद मिलक को बस स्टेशन के लिए प्रस्तावित भूमि की लीजडीड तैयार कराने का अनुरोध किया गया है।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम रामपुर डिपो द्वारा 18 अगस्त को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष दीक्षा गंगवार को भेजे गए पत्र में बताया गया कि मिलक तहसील में बस स्टेशन के लिए प्रस्तावित गाटा संख्या-91 का क्षेत्रीय समिति, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुरादाबाद क्षेत्र द्वारा 12 अगस्त को संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उक्त भूमि बस स्टेशन के लिए उपयुक्त पाई गई। पत्र में अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रस्तावित भूमि का लीजडीड एग्रीमेंट तैयार कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि बस स्टेशन निर्माण की आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

गौरतलब है कि मिलक में लंबे समय से रोडवेज बस स्टेशन की मांग उठती रही है। स्थायी बस स्टेशन न होने के कारण यात्रियों को बसों के इंतजार और आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गाटा संख्या-91 के बस स्टेशन के लिए उपयुक्त पाए जाने के बाद अब नगरवासियों में मिलक में जल्द रोडवेज बस स्टेशन बनने की उम्मीद बढ़ गई है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button