Chhattisgarh News : श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहिल में शिक्षा और सुरक्षा के नाम समर्पित हुआ दिन

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
आज बनाहिल स्थित श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय का परिसर उम्मीद, जागरूकता और हौसले की गूँज से भर गया। महाविद्यालय में एक ओर बेटियों के सपनों को पंख देने वाली छात्रवृत्ति की बात हुई तो दूसरी ओर युवाओं को डिजिटल दुनिया के खतरों से बचाने का संकल्प लिया गया। दिन की शुरुआत अजीम प्रेम जी फाउंडेशन अकलतरा के सहयोग से आयोजित छात्रवृत्ति उन्मुखीकरण कार्यक्रम से हुई। फाउंडेशन के प्रतिनिधि सदस्य श्री अभिषेक तिवारी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को बहुत आत्मीयता से समझाया। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति उन बेटियों के लिए एक सहारा है जो आर्थिक तंगी के कारण आगे पढ़ाई का सपना बीच में ही छोड़ देती हैं। इस राशि से प्रवेश शुल्क, किताबें, प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म और आने-जाने का खर्च भी पूरा होगा। जब मंच से यह शब्द गूँजे — “अब गौरी भी कॉलेज जाएगी” — तो सभाकक्ष में बैठी कई छात्राओं की आँखें भर आईं। छात्र-छात्राओं ने बहुत ध्यान से सुना और अपने सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के अंत तक यह विश्वास सबके चेहरे पर साफ दिख रहा था कि अब शिक्षा के रास्ते में कोई दीवार नहीं रहेगी।
इसके तुरंत बाद ऑडिटोरियम कक्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज के समय में जब मोबाइल और इंटरनेट हर हाथ में है, तब ठगी और धोखाधड़ी के नए तरीके भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी जरूरत को देखते हुए थाना मलमूला से पधारे उप पुलिस निरीक्षक श्री नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक श्री बलवीर सिंह और आरक्षक श्री राजेश कश्यप ने छात्रों को बैनर और फ्लेक्स के माध्यम से साइबर ठगों की चाल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उनका मकसद सिर्फ जानकारी देना नहीं था, बल्कि हर बेटे-बेटी को इतना सक्षम बनाना था कि वह अपने सपनों के साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित रख सके। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक राहुल राठौर ने किया। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने इसे गंभीरता से सुना और यह प्रण लिया कि वे स्वयं जागरूक रहेंगे और अपने घर-परिवार को भी जागरूक करेंगे।

आज का दिन महाविद्यालय के लिए केवल दो कार्यक्रमों का दिन नहीं था। यह दिन उन बेटियों के हौसले का था जिन्हें अब पढ़ने का अवसर मिलेगा, और उन युवाओं की सतर्कता का था जो अब ऑनलाइन दुनिया में भी सुरक्षित रहना सीखेंगे। इस कार्यक्रम में अरविंद कुमार,दुर्गा टण्डन,अनुज जैन,संध्या सिंह,नवीन आदित्य,सरिता पटेल,चंद्ररुपा कश्यप,संदीप कुर्रे,भास्कर कश्यप,अशोक पाण्डेय,सुनीता पाण्डेय,दिलीप विश्वकर्मा,पायल दास,भगवती देवांगन,हितेश्वरी कश्यप,रश्मि मरकाम,मनीषा,समरीन मिर्जा,राजेश कुमार,मनीष गंधर्व,आकाश दास,नीरज निर्मलकर,बृजनंदन पटेल, द्वाशराम कश्यप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक,एनसीसी के कैडेट एवं समस्त महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel