Chhattisgarh News : शासकीय प्राथमिक शाला नगझर में शिक्षक की कमी,50 बच्चों की पढ़ाई एक शिक्षक के भरोसे

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
सक्ती – जिले के विकासखंड मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत नगझर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। विद्यालय में करीब 50 बच्चे अध्ययनरत हैं, जबकि वर्तमान में केवल एक शिक्षक पदस्थ हैं। ऐसे में एक ही शिक्षक पर पांच कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।इस संबंध में ग्राम पंचायत नगझर के पूर्व सरपंच शिव सागर मधुकर ने 17 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी, सक्ती को आवेदन सौंपकर विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि एक शिक्षक द्वारा 50 बच्चों एवं पांच कक्षाओं का संचालन करना काफी कठिन है। बच्चों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में कम से कम दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था किया जाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं व्यवस्थित शिक्षा मिल सके।
पूर्व सरपंच ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नगझर प्राथमिक शाला में तत्काल दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की कमी का सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ सकता है, इसलिए प्रशासन को इस समस्या का जल्द निराकरण करना चाहिए।अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।




Subscribe to my channel