पॉलीटेक्निक चौराहे का लेफ्ट टर्न होगा फ्री जल निकासी एवं नालों की सफाई का कार्य त्वरित पूर्ण करने के निर्देश

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निर्देशित किया है कि भोपाल शहर में वाहनों के निर्बाध एवं सुगम आवागमन के लिए पॉलीटेक्निक चौराहे के लेफ्ट टर्न को पूर्णतः फ्री किया जाए तथा वहां स्थापित गंतरी को नियमानुसार यथास्थान शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर जलभराव के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नगर निगम जल निकासी एवं नालों की सफाई का कार्य ‘मिशन मोड’ में चलाकर त्वरित पूर्ण करे। यह निर्देश कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य भोपाल जिले में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा मानसून के दौरान आवागमन को सुचारू बनाए रखने हेतु स्थायी निराकरण करना रहा। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को ईटखेड़ी स्थित ओवरब्रिज पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने भोपाल शहर में व्यावहारिक एवं प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सुदृढ़ पुलिस प्रबंधन पर बल दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक (देहात) ने भोपाल- बैरसिया मार्ग पर हादसों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक रोड मार्किंग, दिशा-सूचक साइनबोर्ड्स तथा रंबल स्ट्रिप्स लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए।




Subscribe to my channel