IC News and Media House Private Limited


Bhopal

सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कुबेरेश्वर धाम का व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

आगामी 24 अगस्त को सीहोर की सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा एवं भोपाल रेंज पुलिस महानिरीक्षक रूचिवर्धन मिश्र ने सीहोर में कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया. साथ ही संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सीहोर कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना, कुबेरेश्वर धाम समिति के श्री समीर शुक्ला एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे। कमिश्नर एवं आईजी ने बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था के साथ यातायात कर्मियों एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक एवं कुबेरेश्वर धाम में दर्शन किए जाएंगे। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश, निकासी एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कांवड़ियों की आवाजाही के मार्गों पर भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कावंड़ यात्रा के दौरान आवागमन सुगम बना रहे। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। हेल्थ केम्प में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहें। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था रखने तथा उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को पूरी व्यवस्था की सतत निगरानी करने के लिए भी कहा गया। इसके साथ ही कुबेरेश्वर धाम पर अस्थाई आईसीयू युक्त अस्पताल की स्थापना करने के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में सहायता केन्द्र स्थापित करने, वहां आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, अस्थाई शौचालयों, नियमित साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। बैठक में रेलवे स्टेशन पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन से आयोजन स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ की स्थिति में तत्काल आवश्यक प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। आयोजन में कुबेरेश्वर धाम समिति के लगभग 600 वॉलेंटियर्स कार्य करेंगे। ये वॉलेंटियर्स श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने, भीड़ प्रबंधन, सहायता केन्द्रों पर सहयोग करने तथा अन्य व्यवस्थाओं में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करेंगे। बैठक में वॉलेंटियर्स की जिम्मेदारियां निर्धारित करने और उन्हें संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर एवं आईजी ने कुबेरेश्वर धाम समिति और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं पहले से पुख्ता रखी जाएं। विशेष रूप से यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल एवं अन्य अमले की तैनाती भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सहित जलाभिषेक और दर्शन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा और निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिले। भीड़ को देखते हुए मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button