IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Rajasthan News : आबूरोड़ में संदिग्ध विदेशी नागरिकों के मामले में गहन जांच की मांग मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर दस्तावेजों एवं नागरिकता के व्यापक सत्यापन किया आग्रह

ब्यूरो चीफ महावीर चंद्र आबूरोड, राजस्थान

आबूरोड़। जिला सिरोही की तहसील आबूरोड़ में हाल ही में पुलिस द्वारा कुछ ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद, जिनके भारत में अवैध रूप से निवास करने की आशंका बताई गई है, इस पूरे मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
इस संबंध में भूपेन्द्र सम्बरिया, पूर्व मण्डल अध्यक्ष भाजपा, आबूरोड एवं सदस्य, जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति, सिरोही ने माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन भेजकर जिला सिरोही, विशेषकर आबूरोड़ क्षेत्र में संदिग्ध रूप से निवास कर रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं दस्तावेजों का नियमानुसार व्यापक सत्यापन करवाने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि संदिग्ध व्यक्तियों के नागरिकता एवं निवास संबंधी दस्तावेजों, आधार कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र, राशन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य सरकारी दस्तावेजों की संबंधित विभागों से जांच करवाई जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि कहीं किसी विदेशी नागरिक ने फर्जी अथवा गलत दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान-पत्र तो प्राप्त नहीं किए हैं।

भूपेन्द्र सम्बरिया ने यह भी मांग की है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा फर्जी दस्तावेज उपलब्ध करवाने अथवा सरकारी रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज करवाने की भूमिका सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही आबूरोड़ क्षेत्र में बाहर से आकर निवास करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन एवं किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया की समीक्षा तथा आवश्यकता होने पर विशेष सत्यापन अभियान चलाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी विदेशी नागरिक के भारत में अवैध रूप से निवास करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित कानूनों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। भूपेन्द्र सम्बरिया ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी जाति, धर्म या समुदाय विशेष को लक्ष्य बनाकर नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की वास्तविक नागरिकता एवं दस्तावेजों के निष्पक्ष सत्यापन के उद्देश्य से की गई है। निष्पक्ष जांच से निर्दोष नागरिकों को परेशानी से बचाया जा सकेगा तथा यदि कोई व्यक्ति वास्तव में अवैध रूप से निवास कर रहा है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो सकेगी। भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष एवम पूर्व महामंत्री दिपेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री महोदय से मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान कर गहन, निष्पक्ष एवं व्यापक जांच करवाने की मांग की है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button