IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : मधुमक्खी पालन से कृषि उत्पादन और आजीविका संवर्धन एक नवाचार

मधुमक्खी पालन से बढ़ेगी किसानों की आय, कृषि उत्पादन को भी मिलेगा लाभ : कलेक्टर

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

कृषि के साथ अतिरिक्त आय का स्रोत विकसित करने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा मधुमक्खी पालन गतिविधि का नवाचार शुरू किया गया है। मऊ सहनिया स्थित उद्यानिकी नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर मृणाल मीना ने 20 महिला किसानों को 200 मधु बॉक्स एवं सम्पूर्ण टूल किट वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया ने की। कलेक्टर मृणाल मीना ने कहा कि जिला खनिज प्रतिष्ठान की राशि का उपयोग आजीविका संवर्धन के कार्यों में किया जाना सराहनीय प्रयास है। मधुमक्खी पालन कम भूमि में शुरू किया जा सकता है और इससे किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रूप से 20 हितग्राहियों के साथ शुरू किए गए इस नवाचार को बेहतर संचालन एवं प्रभावी मार्केटिंग के माध्यम से सफल बनाते हुए भविष्य में अधिक से अधिक किसान परिवारों को इससे जोड़ने की आवश्यकता है। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने बताया कि खेती को लाभदायक व्यवसाय बनाने के लिए किसानों की आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मधुमक्खी पालन गतिविधि शुरू की गई है। इससे शहद उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय के साथ फसलों में बेहतर परागण होने से कृषि उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।

एक बॉक्स से करीब 15 हजार रुपये तक की आय मधुमक्खी पालन में शहद के साथ मोम एवं रॉयल जेली जैसे उत्पादों से भी अतिरिक्त आय प्राप्त की जा सकती है। खेतों में मधुमक्खी बॉक्स रखने से फसलों में परागण बढ़ता है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होती है। एक बॉक्स से वर्ष में औसतन करीब 50 किलोग्राम शहद प्राप्त होने का अनुमान है। औसतन 300 रुपये प्रति किलोग्राम के बाजार मूल्य के अनुसार एक बॉक्स से लगभग 15 हजार रुपये की आय प्राप्त हो सकती है। 10 बॉक्स की एक इकाई की अनुमानित लागत करीब 1 लाख रुपये है, जिसमें बी बॉक्स, मधुमक्खी कॉलोनी, शहद निकालने के उपकरण एवं प्रशिक्षण शामिल हैं। अनुमानित उत्पादन एवं बाजार मूल्य के आधार पर 10 बॉक्स से करीब 1.50 लाख रुपये की सकल आय हो सकती है। कार्यकारी लागत घटाने के बाद लगभग 1.35 लाख रुपये की औसत आय संभावित है।

20 महिला किसानों से शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट छतरपुर जिले में मधुमक्खी पालन गतिविधि को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। जिला खनिज प्रतिष्ठान के वित्तीय सहयोग से नौगांव विकासखंड की 20 महिला किसानों के लिए 20 इकाइयां स्वीकृत की गई हैं। इन इकाइयों में कुल 200 मधु बॉक्स शामिल हैं। चयनित महिला किसानों को सघन प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद मधु बॉक्स एवं टूल किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में एसडीएम नौगांव जीएस पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्रभाष घनघोरिया, जिला परियोजना प्रबंधक श्याम गौतम, तहसीलदार विजय चौधरी, सरपंच मऊ सहनिया अप्पू सोनी, जिला प्रबंधक सुमित खरे, पंकज नामदेव, विकासखंड प्रबंधक हरिश्चंद्र विश्वकर्मा, सुधीर खरे, गोविंद सिंह, अरविंद पांडेय सहित तकनीकी संस्था एसके एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के अजय प्रताप सिंह एवं जय प्रकाश उपस्थित रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button