नगरी में ताश की बाजी पर पुलिस का शिकंजा, 4 जुआरी गिरफ्तार 12,500 रुपए नकद और चार मोटरसाइकिल समेत 1.12 लाख रुपए का मशरूका जब्त, नगरनाला-चारगांव रोड पर पुलिस की दबिश
धमतरी –नगरी क्षेत्र में जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ताश के पत्तों से रुपए-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,500 रुपए नकद, चार मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 12 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार थाना नगरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगरनाला-चारगांव रोड क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपए-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से 12,500 रुपए नगद, करीब 1 लाख रुपए कीमत की चार मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार ध्रुव, वार्ड क्रमांक 7 नगरी, भानु कुमार साहू, वार्ड क्रमांक 4 नगरी, भागवत यादव, वार्ड क्रमांक 5 नगरी और जयप्रकाश साहू, वार्ड क्रमांक 3 नगरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।