IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

नगर निकायों की योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर डीएम सख्त

कार्य शुरू होने और पूरा होने की फोटोग्राफी अनिवार्य, पीपीटी व मीटिंग बुकलेट में होगी प्रस्तुत

 

 

गोण्डा, 12 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के सभी स्थानीय नगर निकायों से संबंधित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, नगरीय झील, तालाब एवं पोखरा, अन्त्येष्टि स्थल, सामुदायिक शौचालय, वंदन योजना, आकांक्षी योजना, अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और नगरीय गौशाला सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित ईओ परसपुर को शोकाज नोटिस
समीक्षा बैठक में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत परसपुर अनुराग शुक्ला के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है और बिना सूचना अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा।
हर विकास कार्य की पहले और बाद की फोटो होगी अनिवार्य
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास कार्य शुरू होने से पहले तथा कार्य पूर्ण होने के बाद की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। दोनों चरणों की तस्वीरों को पीपीटी और मीटिंग बुकलेट में प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का स्पष्ट सत्यापन हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अद्यतन रखने तथा प्रत्येक कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और स्वीकृत परियोजनाओं को समय से पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी सविता शुक्ला, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोण्डा सन्तराम, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका करनैलगंज, अधिशासी अधिकारी खरगूपुर, तरबगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुजेहना सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button