IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : उफनाते पुल से बस निकालना पड़ा भारी, चालक-कंडक्टर पर मामला दर्ज, बस जब्त

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अपील की अनदेखी पर प्रशासन ने की कार्रवाई

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश

मंडला । जिले में रविवार को हुई तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर रहे। इसी दौरान शहपुरा-मंडला मार्ग पर बिछिया में महानदी के पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद यात्री बस को पुल से निकालने का मामला सामने आया था। मामले को समाचार माध्यम द्वारा प्रमुखता से प्रसारित किए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बस चालक एवं कंडक्टर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। बिछिया पुलिस चौकी में बस चालक संतोष झारिया एवं कंडक्टर आकाश के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 तथा आदेश की अवहेलना के संबंध में धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा संबंधित बस को भी जब्त कर लिया गया है।

कलेक्टर एवं एसपी की अपील की अनदेखी जिले में लगातार बारिश एवं नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन से सतर्कता बरतने तथा जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की गई थी। इसके बावजूद बस चालक द्वारा सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी करते हुए उफनती महानदी के पुल को पार करने का प्रयास किया गया। पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद बस के गुजरने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

इस प्रकार की लापरवाही से बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। परिवहन विभाग ने बस मालिक को जारी किया नोटिस मामले में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा भी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। परिवहन विभाग ने बस मालिक यशवंत चौकसे को नोटिस जारी कर बस से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध जानकारी एवं तथ्यों के आधार पर विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बारिश के दौरान सतर्कता बरतने की अपील प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं पुल-पुलियों में जलस्तर बढ़ने पर जोखिम लेकर उन्हें पार न करें। विशेष रूप से वाहन चालक जलभराव वाले मार्गों पर सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button