Madhya Pradesh News : अभियान के तहत कलेक्टर-एसपी सहित पूरा अमला रहा मैदान में
कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय, स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी केंद्र, डब्ल्यूटीपी राजनगर का किया निरीक्षण

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर मृणाल मीणा ने राजनगर क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय राजनगर का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को साइकिल वितरण एवं गणवेश की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की समग्र आईडी एवं आधार कार्ड बनवाने तथा अपडेशन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, लाइब्रेरी एवं आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। साथ ही खेल मैदान के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेल गतिविधियों की सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र पहुंचकर वहां भर्ती बच्चों के परिजनों से चर्चा की और बच्चों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बच्चों के फॉलोअप की जानकारी लेते हुए नियमित एवं पूरी सजगता के साथ फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बायोमेट्रिक उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, कोल्ड चेन व्यवस्था तथा ई-संजीवनी के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने जल विकास निगम द्वारा संचालित जल शोधन संयंत्र राजनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली को समझते हुए जल शोधन एवं आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर ने जल शोधन संयंत्र परिसर में पौधारोपण भी किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी कलेक्टर ने ग्राम डहर्रा के आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण के दौरान केंद्र में बच्चों की संख्या कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को प्रदाय किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की भी जांच की तथा संबंधित कर्मचारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Subscribe to my channel