Uttar Pradesh News : फतेहपुर: कब्रिस्तान विवाद में बढ़ा बवाल, पीड़िता ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल; एसपी से लगाई निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार
ब्यूरो प्रमुख शरद कुमार फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। थरियाँव थाना क्षेत्र के ग्राम एकारी में पुश्तैनी कब्रिस्तान, जमीन की पैमाइश और किसान सम्मान निधि को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर कानूनी और प्रशासनिक मुद्दा बन गया है। एक ओर पुलिस ने दोनों पक्षों के नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, वहीं दूसरी ओर पीड़िता ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता साधना देवी पत्नी अनिल कुमार का आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को गांव के कुछ लोगों ने उनके पुश्तैनी कब्रिस्तान में ट्रैक्टर चलाकर पूर्वजों की कच्ची कब्रों को क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत के बाद 27 जुलाई को जब राजस्व विभाग की टीम पैमाइश के लिए गांव पहुंची, उसी दौरान किसान सम्मान निधि को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि लाठी-डंडे चले और उनके पति के साथ मारपीट की गई, जबकि बीच-बचाव करने पर उन्हें भी नहीं बख्शा गया।

घटना के संबंध में हंसवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार मिश्रा की तहरीर पर थरियाँव पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को नामजद किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अवध बिहारी को सौंपी गई है। इस बीच साधना देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उनके ही परिवार को मुकदमे में नामजद कर दिया। उन्होंने हंसवा चौकी प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि 5 अगस्त 2026 को गांव के चौराहे पर सब्जी खरीदने के दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया, अभद्रता की, उनके 500 रुपये छीन लिए, मोबाइल फोन तोड़ दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय स्तर पर राहत न मिलने पर पीड़िता ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।


Subscribe to my channel