Uttar Pradesh News : चंदौली: चाय-नाश्ते के दौरान कार का शीशा तोड़कर नकदी और मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
जिला ब्यूरो चीफ अमित सिंह चंदौली
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 स्थित आराध्या रेस्टोरेंट के बाहर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक परिवार की कार का शीशा तोड़कर नकदी, मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी एक परिवार विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहा था। रास्ते में चाय-नाश्ते के लिए आराध्या रेस्टोरेंट पर रुका। इसी दौरान कुछ ही मिनटों में बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर दो बैग, लगभग ₹20 हजार नकद और मोबाइल फोन चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक बाइक सवार भी नजर आया है, जिसके बदमाशों का साथी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


Subscribe to my channel