Chhattisgarh News : जांजगीर-चांपा: नकली पिस्टल और तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)। सार्वजनिक स्थान पर चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल, एक चापड़ (तलवारनुमा हथियार) तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22 वर्ष) निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा निखिल बाधड़े (21 वर्ष) निवासी ग्राम भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क, सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक शारदा चौक के पास मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक नकली पिस्टल और एक चापड़ बरामद किया गया। पुलिस ने हथियारों एवं घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Subscribe to my channel