Jharkhand News : 15 दिनों से जल संकट से जूझ रहे चेतुडीह में फूटा लोगों का गुस्सा, 2 पीट सब स्टेशन पर चक्का जाम के बाद हरकत में आया प्रबंधन
चेतुडीह जल संकट पर कॉलोनीवासियों का हल्ला बोल, विधायक शत्रुघ्न महतो के हस्तक्षेप के बाद बहाल होगी जलापूर्ति
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद/कतरास: बीसीसीएल एरिया-04 अंतर्गत चेतुडीह कोलियरी में पिछले 15 दिनों से जारी पेयजल संकट के विरोध में सोमवार को कॉलोनीवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और स्थानीय लोग चेतुडीह 2 पीट सब स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली आपूर्ति बाधित कर चक्का जाम करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, चेतुडीह 2 पीट चानक में लगा समरसेबल पंप करीब 15 दिन पहले जल जाने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इसका असर छाताबाद 2 नंबर, 5 नंबर, 16 नंबर, लकड़का, मालकेरा सहित आसपास के कई इलाकों पर पड़ा, जहां लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने कई बार बीसीसीएल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान नहीं होने से मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने तत्काल बीसीसीएल एरिया-04 के महाप्रबंधक (जीएम) से दूरभाष पर बातचीत कर जल संकट को गंभीर बताते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे चेतुडीह 2 पीट चानक में नया समरसेबल पंप पहुंच गया है। पंप की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है और यदि सब कुछ सामान्य रहा तो बुधवार सुबह तक जलापूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी। जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक शत्रुघ्न महतो के त्वरित हस्तक्षेप के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Subscribe to my channel