Jharkhand News : सावन उत्सव में संस्कृति और नारी शक्ति का संगम, झरिया में सजी प्रतिभाओं की रंगारंग शाम
महिलाओं को अवसर देना समय की सबसे बड़ी जरूरत, सावन मेले में बोलीं अनुपमा सिंह

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
झरिया: मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित सावन मेला-2026 के तहत रविवार को श्री अग्रवाल धर्मशाला (नया भवन) में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मिसेज इंडिया एशिया (ईस्ट) 2025 जाहिदा परवीन, क्वीन ऑफ झारखंड 2018 कोमल जायसवाल तथा शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रत्याशी अनुपमा सिंह ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर देना आज समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में राखी साव के राजस्थानी लोकनृत्य के साथ ईशिता दत्ता, पलक अग्रवाल, मेहक अग्रवाल और कृति ठाकुर की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं हाउजी, म्यूजिकल गेम्स और महिलाओं एवं बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं ने पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बनाए रखा। विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। सावन के रंग, पारिवारिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से सजे इस आयोजन का समापन उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

Subscribe to my channel