बेहतर इलाज के दिए निर्देश, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
धमतरी – कर्राघाटी में तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीणों का हालचाल जानने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम शनिवार को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने भर्ती धरम नेताम और गांधी राम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विधायक मरकाम ने उपचार कर रहे चिकित्सकों से चर्चा करते हुए घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि वन विभाग से चर्चा कर घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि उनकी ओर से भी घायलों को सहयोग राशि प्रदान की जाएगी, ताकि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
विधायक के अस्पताल पहुंचने से घायलों और उनके परिजनों का हौसला बढ़ा। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।