नगरी। धमतरी जिले के नगरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बिर्गुड़ी रेंज के कक्ष क्रमांक 464 स्थित ग्राम कर्राघाटी में शुक्रवार देर रात दो ग्रामीणों पर हमला करने वाला तेंदुआ शनिवार सुबह मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा, जबकि वन विभाग ने तत्काल सर्च अभियान चलाकर तेंदुए का शव बरामद किया।
वन विभाग के अनुसार तेंदुआ अंजोर सिंह नेताम (पिता राजाराम) के घर के भीतर मृत पाया गया। प्रारंभिक सूचना के आधार पर आशंका जताई जा रही थी कि हमले के बाद तेंदुआ घायल अवस्था में ग्रामीण के घर के अंदर ही छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नगरी रेंज का पूरा वन अमला मौके पर पहुंचा और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान तेंदुआ मृत मिला।
घटना में घायल धरम नेताम (पिता बहादुर सिंह) और गांधी राम (पिता फागुराम) का शासकीय चिकित्सालय नगरी में उपचार जारी है। वन विभाग के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
एसडीओ वन संजय राउतिया ने बताया कि वन्यप्राणी हमले में घायल धरम नेताम को तत्काल राहत के रूप में 5,000 रुपये तथा गांधी राम को 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
वन विभाग ने तेंदुए की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। घटना के बाद कर्राघाटी और आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।