ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : फतेहपुर: बीस दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, बिजली संकट पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का अल्टीमेटम: बहुआ पावर हाउस पहुंचीं हेमलता पटेल, जेई ने शाम तक बदलने का दिया भरोसा

अघोषित कटौती और जर्जर 33 हजार लाइन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा • पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग चेतावनी—समस्या नहीं सुलझी तो मुख्य बिजली कार्यालय का होगा घेराव

ब्यूरो प्रमुख शरद कुमार फतेहपुर, उत्तर प्रदेश

विकास खंड बहुआ क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, जर्जर 33 हजार वोल्ट मेन लाइन और बार-बार फुंक रहे ट्रांसफार्मरों को लेकर बुधवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल बहुआ पावर हाउस पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को अवर अभियंता (जेई) के समक्ष जोरदार ढंग से उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की। हेमलता पटेल ने कहा कि पूरे बहुआ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। दरवेशाबाद से आने वाली 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन जर्जर होने के कारण हल्का मौसम खराब होते ही फाल्ट के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे ग्रामीणों, किसानों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने हरीराम गांव का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर पिछले 20 दिनों से फुंका पड़ा है, जिससे ग्रामीण अंधेरे और पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इसके अलावा सुजानपुर में हाल ही में लगाए गए ट्रांसफार्मरों का दोबारा फुंक जाना भी विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

वार्ता के दौरान अवर अभियंता ने हरीराम गांव की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए बुधवार शाम तक एक ट्रांसफार्मर बदलने तथा दूसरा ट्रांसफार्मर दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया। हेमलता पटेल ने कहा कि केवल ट्रांसफार्मर बदलने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पूरे क्षेत्र की जर्जर 33 हजार वोल्ट लाइन को बदला जाए, बार-बार होने वाले फाल्ट खत्म किए जाएं और अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभाग ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की और पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक जनता के साथ फतेहपुर स्थित मुख्य बिजली कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button