Madhya Pradesh News : मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को लेकर मुख्य सचिव ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान
जनता से सीधा संवाद, शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण और योजनाओं की वास्तविक स्थिति पर रहेगा फोकस
ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए बुधवार को एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने संभागायुक्त एवं जिला कलेक्टरों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। छतरपुर जिले से कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का आयोजन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनसामान्य से सीधे जोड़ते हुए उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना, क्षेत्रीय स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आंकलन करना तथा प्रशासन की संवेदनशील, पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करना है।

अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को फील्ड भ्रमण को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दिन सामान्य परिस्थितियों में किसी भी स्तर पर बैठक आयोजित नहीं होगी और वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद करेंगे। जिला कलेक्टर द्वारा एक सप्ताह पूर्व भ्रमण क्षेत्र का चयन किया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों भी इस दौरान उपस्थित रहेंगे। फील्ड भ्रमण से पहले संबंधित क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शेष प्रकरणों का मौके पर निराकरण करने पर भी विशेष जोर रहेगा।

अभियान में जन संवाद और उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे। बड़े, एमएसएमई एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। साथ ही फील्ड भ्रमण के दौरान योजनाओं और शासकीय सेवाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर आमजन से फीडबैक लिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत किसान हित से जुड़े फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, खाद-बीज की उपलब्धता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही शासकीय परिसंपत्तियों, सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ—संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी निर्धारित किए गए हैं। अभियान में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन सहित पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी भी समीक्षा की जाएगी। स्थानीय स्तर की प्रमुख समस्याओं, शिकायतों एवं चुनौतियों को चिन्हित कर उनके त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।



Subscribe to my channel