Jharkhand News : कतरास में नालियों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने की बड़ी कारवाई
चेतावनी के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण, नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर की कार्रवाई

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
कतरास (धनबाद): कतरास के पंचगढ़ी बाजार में सोमवार को धनबाद नगर निगम ने नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर इंफोर्समेंट टीम ने स्टेशन रोड से थाना चौक तक बुलडोजर की मदद से नालियों के ऊपर बने अवैध स्लैब, पार्किंग स्थल तथा अन्य स्थायी और अस्थायी निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई दुकानदारों ने नालियों पर स्थायी कब्जा कर लिया था। कई जगह नालियों में मलबा भर दिया गया था, जबकि कुछ स्थानों पर टाइल्स और मार्बल बिछाकर नालियों की चौड़ाई काफी कम कर दी गई थी। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही थी और बाजार क्षेत्र में जलजमाव की समस्या लगातार बढ़ रही थी।
हाल ही में हुई बारिश के बाद वार्ड संख्या-3 समेत कतरास के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई थी। इस मुद्दे को लेकर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने भी धरना दिया था। इसके बाद विधायक और नगर निगम अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया, जिसमें नालियों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। निरीक्षण के बाद नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को पहले ही निर्माण हटाने की चेतावनी दी थी। नगर निगम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पूर्व सूचना के बावजूद जिन लोगों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है और आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

अभियान में इंफोर्समेंट टीम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार, सुपरवाइजर लाल कमल महतो, विक्की कुमार, बैजनाथ तथा बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नालियों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



Subscribe to my channel