Jharkhand News : सदर अस्पताल में DDC का औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य में देरी पर संवेदक को कड़ी फटकार
लापरवाही पर प्रशासन सख्त, साफ-सफाई और पार्किंग शेड जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: सदर अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को उप विकास आयुक्त (DDC) सन्नी राज ने सदर अस्पताल एवं सिविल सर्जन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में देरी पर उन्होंने संवेदक को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान DDC ने भवन निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संवेदक को नियमित निगरानी रखने, कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) को नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को साफ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

इसके अलावा DDC ने नवनिर्मित पार्किंग शेड का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे शीघ्र पूरा कर आम लोगों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के अंत में उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Subscribe to my channel