ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : घुघरी–चाबी मुख्य मार्ग की पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त, आवागमन बाधित

ग्रामीण, स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश

मंडला। मंडला जिले के विकास खण्ड घुघरी अन्तर्गत घुघरी–चाबी मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम गरैय्या की दूसरी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित यह पुलिया निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही जर्जर हो गई। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया के निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण वह बारिश का दबाव भी नहीं झेल सकी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया के टूटने से आसपास के कई गांवों का विकासखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


ग्रामीणों ने प्रशासन एवं शासन से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने, वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने तथा पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण में अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य कुछ ही वर्षों में क्यों धराशाही हो रहे हैं। उनका आरोप है कि जिले में लोक निर्माण विभाग के कई सड़क, पुल और पुलिया निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत, निर्माण गुणवत्ता की जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करता है, या फिर ग्रामीणों को लंबे समय तक जोखिम भरे हालात में आवागमन करने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button