Uttar Pradesh News : फतेहपुर: उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षियों को एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने किया सम्मानित
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद पर चयनित महिला एवं पुरुष आरक्षियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं कार्यालयों में तैनात उन आरक्षियों को, जिनका चयन उपनिरीक्षक पद पर हुआ है, एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह सफलता चयनित महिला एवं पुरुष आरक्षियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित अधिकारियों को अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा दी।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का उद्देश्य आमजन को बेहतर, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने चयनित उपनिरीक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कार्यों से पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। कार्यक्रम के दौरान चयनित आरक्षियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel