Uttar Pradesh News : अलीगढ़: वार्ड नंबर-44 में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, स्थानीय लोगों ने लगाई विकास कार्यों की गुहार
रिपोर्टर मोहम्मद फ़ैसल अलीगढ़, यू.पी.
अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश)। अलीगढ़ नगर निगम क्षेत्र के गोला आबादी, वार्ड नंबर-44, गली नंबर-4 (दूध की डेयरी के सामने वाली गली) में रहने वाले लोग लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं आज तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार, गली में स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। वहीं, सड़क का निर्माण न होने से लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें पैसे देकर पानी खरीदना पड़ता है। इसके अलावा घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और जगह-जगह कूड़ा जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। निवासियों का कहना है कि सुविधाओं के अभाव से परेशान होकर कई परिवार अपने मकान बेचकर दूसरे क्षेत्रों में जाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की मांग की है।

Subscribe to my channel