Uttar Pradesh News : फतेहपुर: सेवरामऊ गांव की बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों की बड़ी परेशानी, आवागमन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। जनपद के अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेवरामऊ गांव में सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। यमुना नदी किनारे बसे इस गांव के लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि गांव में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो जाए तो उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर या जिला अस्पताल फतेहपुर ले जाना पड़ता है। लेकिन खराब सड़क के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाने में काफी समय लग जाता है, जिससे उसकी जान को भी खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव से मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए करीब 5 किलोमीटर का रास्ता बेहद खराब है। यही मार्ग बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिससे रोजाना लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सेवरामऊ गांव हर वर्ष बाढ़ की समस्या से भी प्रभावित होता है। इसके अलावा समय पर बिजली आपूर्ति न होने से किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की ओर जनप्रतिनिधियों का पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण, बेहतर बिजली व्यवस्था तथा बाढ़ से राहत के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। यह समाचार ग्रामीणों द्वारा व्यक्त किए गए आरोपों और समस्याओं पर आधारित है। संबंधित विभाग अथवा जनप्रतिनिधियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

Subscribe to my channel