Madhya Pradesh News : कसरावद में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ, 600 विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
कसरावद। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को थाना कसरावद द्वारा किया गया। अभियान के तहत प्रेस वार्ता, जनजागरूकता रैली, नशामुक्ति शपथ एवं पम्पलेट वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का शुभारंभ जय स्तम्भ चौराहा से निकाली गई विशाल जनजागरूकता रैली से हुआ। रैली सराफा मार्केट, सब्जी मंडी, नगर परिषद, वस्त्रम शॉप और मंडलेश्वर रोड से होते हुए पुनः जय स्तम्भ चौराहा एवं पुलिस थाना परिसर पहुंची। रैली में सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल और महर्षि वेद व्यास स्कूल के लगभग 550 से 600 छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड दल, शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति के समर्थन में प्रेरक नारे लगाते हुए आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
पुलिस थाना परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान तहसीलदार कसरावद नारायण सिंह मुवेल ने युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन ने बताया कि अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं सामाजिक संस्थाओं में रैली, संवाद, शपथ ग्रहण, जनजागरूकता कार्यक्रम और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने मीडिया से भी अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय समाचार पत्रों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को नशामुक्ति संदेश और जनजागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पुलिस महानिरीक्षक इंदौर (ग्रामीण) जोन, पुलिस अधीक्षक खरगोन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।



Subscribe to my channel