Uttar Pradesh News : ‘मिशन शक्ति अभियान’ के अंतर्गत “बहू–बेटी सम्मेलन” कार्यक्रम के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश
महराजगंज। उत्तर प्रदेश शासन के ‘मिशन शक्ति अभियान’ के अंतर्गत संचालित “बहू–बेटी सम्मेलन” कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद महराजगंज में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक (गोरखपुर जोन) श्री मुथा अशोक जैन के मार्गदर्शन ,पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा तथा जिलाधिकारी महराजगंज श्री गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में पुलिस विभाग एवं यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित किया गया।
तहसील सभागार नौतनवा में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद के तीन विकास खण्डों—नौतनवा, बृजमनगंज एवं लक्ष्मीपुर से कुल 41 नामित प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में मुख्य अतिथि के रूप में नायब तहसीलदार नौतनवा श्री सुदेव पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य एवं भावी कार्ययोजना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों की क्षमता का विकास करना है, ताकि वे अपने-अपने विकास खण्डों में ग्राम स्तरीय सुगमकर्ताओं (Facilitators) को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर सकें। इसके बाद ये ग्राम सुगमकर्ता प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिलाओं के साथ सत्र आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, लैंगिक समानता, सम्मानजनक संबंधों तथा हिंसा की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सामुदायिक संवाद को बढ़ावा देंगे। सहभागी और व्यवहारिक प्रशिक्षण विधियाँ प्रशिक्षण सत्र को पूरी तरह व्यवहारिक और जीवंत बनाने के लिए समूह चर्चा, भूमिका-अभिनय (रोल प्ले), केस स्टडी तथा गतिविधि आधारित अभ्यासों का उपयोग किया गया। इसके तहत प्रतिभागियों को: बहू–बेटी सम्मेलन की अवधारणा और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा तथा उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं पर चर्चा की गई।

समुदाय के साथ प्रभावी ढंग से बातचीत करने और संवाद स्थापित करने के गुर सिखाए गए।
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन यूनिसेफ के मण्डलीय बाल संरक्षण सलाहकार श्री शैलेश प्रताप सिंह ने बहू–बेटी सम्मेलन की अवधारणा तथा कैस्केड प्रशिक्षण मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में मास्टर प्रशिक्षक के रूप में श्री संतोष राय, श्री शुभ अम्भोज, श्री कलिका सिंह, श्री राम प्रकाश गुप्ता एवं सुश्री सुनीता पाण्डेय ने विभिन्न विषयों पर सहभागी प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विकास खण्डों में “बहू–बेटी सम्मेलन” का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने का दृढ़ संकल्प लिया।



Subscribe to my channel