ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने आटीआई का भ्रमण कर प्रशिक्षार्थियों को संबोधित किया।

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश

महराजगंज, 15 जुलाई 2026, विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), महराजगंज में कौशल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचारी मॉडल एवं रचनात्मक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों पर जाकर प्रशिक्षणार्थियों से उनके प्रोजेक्ट, कार्यप्रणाली और उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। अपने संबोधन में जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान और कौशल आधारित अर्थव्यवस्था का युग है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में केवल डिग्री नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल ही युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान वर्षों से देश को कुशल तकनीशियन, इंजीनियर और दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं, जो विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं निजी संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा अनेक युवा स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन भी कर रहे हैं।


जिलाधिकारी महोदय ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी कार्य करें, उसे उत्कृष्टता के साथ करने का संकल्प लें। निरंतर सीखने की जिज्ञासा, अनुशासित परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। आपके द्वारा तैयार किए गए मॉडल आपकी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और नवाचार की क्षमता के सशक्त परिचायक हैं। इन्हें निरंतर अभ्यास, अनुसंधान और मेहनत से और अधिक परिष्कृत करें, निश्चित रूप से आप अपने लक्ष्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपने कौशल को समयानुकूल विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई महराजगंज श्री दुर्गेश कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की उपलब्धियों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी महोदय ने संस्थान में प्रशिक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं के साथ-साथ अन्य आधारभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं की भी जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने निचलौल, नौतनवा, माधोनगर एवं फरेंदा स्थित राजकीय आईटीआई संस्थानों से संबंधित चिन्हित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी व्यवसाय की प्रशिक्षणार्थिनी सुश्री गरिमा चौरसिया द्वारा 27.5 मीटर फैब्रिक से निर्मित आकर्षक फ्रिल टेल गाउन रहा, जिसका चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी हेतु गोरखपुर मंडल से किया गया है। इसके अतिरिक्त पेंटर जनरल व्यवसाय की कलात्मक चित्रकारी, एडवांस सीएनसी मशीनिंग व्यवसाय द्वारा निर्मित उत्पाद, ड्रोन टेक्नीशियन व्यवसाय द्वारा प्रदर्शित विभिन्न प्रकार के ड्रोन तथा आईटी एवं कोपा व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार विभिन्न नेटवर्क टोपोलॉजी प्रोजेक्ट्स ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में जनपद के सभी राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य, अनुदेशक, प्रशिक्षक, प्रशिक्षणार्थी, कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button