Uttar Pradesh News : विधवा को मृत दिखाकर फर्जी उत्तराधिकार दर्ज कराने का आरोप, उपजिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश
मिलक (रामपुर)। तहसील मिलक क्षेत्र के अताई नगर निवासी एक महिला ने उपजिलाधिकारी मिलक को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उसे जीवित होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए तथा राजस्व अभिलेखों में अवैध रूप से नाम दर्ज कराने का प्रयास किया गया। प्रार्थना पत्र के अनुसार, अताई नगर निवासी शीला पत्नी स्वर्गीय हरिराम ने बताया कि उनके पति हरिराम का निधन 25 नवंबर 2025 को हो चुका है। पति की मृत्यु के बाद वैध उत्तराधिकारी होने के कारण संबंधित कृषि भूमि में उनका नाम विधिवत वारिस के रूप में दर्ज किया गया था।

महिला का आरोप है कि उनकी कोई संतान नहीं है। इसी का लाभ उठाते हुए उनके जेठ, जेठानी तथा एक राजस्व अधिकारी कानूनगो ने कथित रूप से मिलीभगत कर राजस्व अभिलेखों में हेरफेर की साजिश रची। शिकायत में कहा गया है कि हल्का लेखपाल की जांच आख्या में स्पष्ट उल्लेख होने के बावजूद उसे नजरअंदाज किया गया और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर महिला को मृत दर्शाते हुए दूसरे व्यक्ति के नाम उत्तराधिकार दर्ज कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में धोखाधड़ी, कूटरचित और सरकारी अभिलेखों में फर्जीवाड़ा कर उसकी वैध संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने उपजिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा फर्जी तरीके से दर्ज किए गए अभिलेखों को निरस्त कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक जांच की कार्रवाई अपेक्षित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।



Subscribe to my channel