Madhya Pradesh News : बारिश के दृष्टिगत जल निगम एवं पीएचई विभाग रोड रेस्टोरेशन कार्य शीघ्र पूर्ण करें : कलेक्टर
इंटेकवेल, डब्ल्यूटीपी एवं ओएचटी कार्यों में अतिरिक्त श्रमिक लगाकर प्रगति बढ़ाने के निर्देश
ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
कलेक्टर की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न बक्सवाहा समूह जल प्रदाय योजना में जल कर वसूली कम होने पर सीईओ जनपद पंचायत बक्सवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश पीएम गति शक्ति पोर्टल पर पाइपलाइन नेटवर्क की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश जल जीवन मिशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, महाप्रबंधक मध्यप्रदेश जल निगम अनमोल कोछड़, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खंड छतरपुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री जैसवाल ने लवकुशनगर, बिजावर, कुटने राजनगर, छतरपुर-तरपेड एवं गर्रोली मल्टी विलेज स्कीम की भौतिक प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं में शेष उच्च स्तरीय टंकियों (ओएचटी) के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बिजावर एमवीएस के इंटेकवेल निर्माण कार्य में अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बिजावर एमबीआर की भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की। कुटने राजनगर एमवीएस की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि डेम में संभावित जलभराव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त तकनीकी समाधान अपनाकर इंटेकवेल एवं अप्रोच रोड का कार्य समय पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल को देखते हुए पाइपलाइन कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का रोड रेस्टोरेशन कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शिकायतों की स्थिति निर्मित न हो।
कलेक्टर ने छतरपुर-तरपेड एमवीएस में भी अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही छतरपुर-तरपेड, गर्रोली एवं कुटने राजनगर योजनाओं के अंतर्गत लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की एकल ग्राम योजनाओं की विकासखंडवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने लवकुशनगर एवं गौरीहार विकासखंड के शेष ग्रामों में एफएचटीसी (Functional Household Tap Connection) कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर जल” की रिपोर्टिंग एवं प्रमाणीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, एकल ग्राम योजनाओं में लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्यों को अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शीघ्र पूर्ण करने तथा पीएम गति शक्ति पोर्टल पर पाइपलाइन नेटवर्क की प्रविष्टि समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बक्सवाहा समूह जल प्रदाय योजना में जल कर वसूली की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत बक्सवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।



Subscribe to my channel