ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : पुलिस कार्यालय के तथागत सभागार में आयोजित हुई मासिक अपराध गोष्ठी, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं डिजिटल मॉनिटरिंग की समीक्षा

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आज पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, अभियोगों के अनावरण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों की विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। गोष्ठी में महिला एवं बाल अपराध, अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई, पुरस्कार घोषित अपराधियों एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में लंबित विवेचनाओं, समन एवं वारंटों के निष्पादन, कुर्की की कार्रवाई, चरित्र सत्यापन, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईजीआरएस एवं अन्य ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही NCL (Investigation Monitoring Hub) पोर्टल पर 60 एवं 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने यक्ष (Yaksha) एप के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक बीट अधिकारी अपने बीट के हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों का नियमित सत्यापन कर उनकी प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखें तथा एप पर समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करें। प्रत्येक बीट आईडी से प्रत्येक दो दिन में न्यूनतम 15 सूचनाएं अंकित करने के निर्देश भी दिए गए। सीमावर्ती थानों के संबंध में निर्देशित किया गया कि नव निर्मित भवनों, नए मदरसों अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों एवं उनके वित्तीय स्रोतों की जानकारी यक्ष एप पर नियमित रूप से फीड कर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों का सत्यापन अभियान निरंतर चलाया जाए।

बैठक में मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु प्रत्येक बीट अधिकारी एवं थाना प्रभारी की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा ड्रग्स तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों की रोकथाम, सीसीटीएनएस, आईसीजेएस, ई-साक्ष्य, ई-समन, iRAD पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग, मिशन शक्ति 5.0, बीट पुलिसिंग, रात्रि गश्त, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, अवैध शराब, पशु तस्करी एवं अवैध खनन के विरुद्ध अभियान की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने मिसिंग चाइल्ड पोर्टल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए प्रत्येक थाना स्तर पर एक नोडल अधिकारी नामित करने तथा गुमशुदा बच्चों से संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई एवं नियमित पोर्टल अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करें तथा आगामी त्योहारों एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button