Madhya Pradesh News : केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किया केंद्रीय विद्यालय नौगांव का शुभारंभ, विद्या प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में केंद्रीय विद्यालय नौगांव में शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं विद्या प्रवेश उत्सव का भव्य शुभारंभ केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि “विनम्रता, जीवन की सादगी और आत्मीय व्यवहार ही मनुष्य को सफलता की ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।” उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नौगांव में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे और जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों से आत्मीय संवाद किया तथा नवप्रवेशी बच्चों को अध्ययन सामग्री एवं उपहार भी वितरित किए।

कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और मुस्कान से उत्सवमय दिखाई दिया। इस अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय छतरपुर के प्राचार्य मनीष रूसिया ने नई शिक्षा नीति, केंद्रीय विद्यालय संगठन की शैक्षणिक रणनीतियों तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिकता, संस्कृति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जीवन कौशल से समृद्ध बनाना है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य दीप नारायण सिंह ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के उत्कृष्ट मानदंड स्थापित करने में सहयोग का आग्रह किया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय छतरपुर का भी किया भ्रमण नौगांव में उद्घाटन कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय छतरपुर का भी भ्रमण किया। उन्होंने अपने सौजन्य से निर्मित अटल सभागार का अवलोकन करते हुए कहा कि किसी भवन का निर्माण जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक उसकी उचित देखरेख और सदुपयोग आवश्यक है।
उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि कौन-सा प्रयास जीवन का निर्णायक मोड़ बन जाए, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सादगी, विनम्रता और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों को दिल्ली भ्रमण के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय संस्थानों के भ्रमण से भी ज्ञान और दृष्टिकोण का विस्तार होता है। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।


Subscribe to my channel