ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : नैनागिरि जैन तीर्थ पहुंचे एसपी रजत सकलेचा,चोरी मामले की जांच तेज ट्रस्ट ने थाना बनाने सहित सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग।

नैनागिरि चोरी पर पुलिस सख्त,एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण विशेष जांच दल गठित करने की मांग।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

बड़ा मलहरा//विधानसभा अंतर्गत प्रसिद्ध नैनागिरि जैन सिद्धक्षेत्र में समवशरण जिनालय मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद बुधवार को छतरपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा स्वयं तीर्थक्षेत्र पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।उन्होंने मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी लेकर जांच की प्रगति की समीक्षा की तथा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को पुलिस अत्यंत गंभीरता से ले रही है।घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने तीर्थक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया। एसपी सकलेचा ने जलाशय के मध्य स्थित दोनों मंदिरों,पर्वत पर स्थित मंदिर समूह,तलहटी के मंदिर परिसर तथा धर्मशाला क्षेत्र का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने उन्हें एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा।


मांगपत्र में पिछले वर्षों में हुई सभी चोरी की घटनाओं की जांच के लिए विशेष पुलिस जांच दल (एसआईटी) गठित करने,दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने,तीर्थक्षेत्र की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नैनागिरि पुलिस चौकी को थाना में उन्नत कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग प्रमुख रूप से की गई। ट्रस्ट मंत्री राजेश जैन रागी ने बताया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से तीर्थक्षेत्र में समय-समय पर चोरी की घटनाएं होती रही हैं जिससे श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।उन्होंने कहा कि नैनागिरि देशभर के जैन समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है इसलिए यहां स्थायी एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था समय की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है कि 6-7 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर समवशरण जिनालय मंदिर में खिड़की काटकर अंदर घुस गए थे। चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली थी तथा मंदिर में विराजमान प्रतिमाओं की चोरी का भी प्रयास किया जो असफल रहा।इस घटना के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ तीर्थक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किए जाने की मांग लगातार उठ रही है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button