Chhattisgarh News : सीएससी आईडी की आड़ में दलाली का खेल! अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी के आरोप

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
रायपुर। राज्य में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ सीएससी संचालकों ने कथित रूप से अधिकारियों और दलालों की मिलीभगत से सरकारी सेवाओं को कमाई का जरिया बना लिया है। इससे पात्र हितग्राहियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाने के आरोप सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं शहरी क्षेत्रों में सीएससी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध हैं, जबकि ग्राम पंचायतों में यह व्यवस्था अलग है। इसके बावजूद कुछ लोग कथित रूप से दलाली के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के कार्य भी कराने का दावा कर रहे थे। शिकायतें मिलने के बाद ऐसे मामलों में तत्काल रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, श्रमिक पंजीयन (श्रम कार्ड) को लेकर भी अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि वास्तविक श्रमिकों के आवेदन लंबित या निरस्त हो रहे हैं, जबकि दलालों के माध्यम से आर्थिक रूप से सक्षम और अपात्र लोगों के भी श्रम कार्ड बनवाए जा रहे हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंच रहा है जो इसके वास्तविक हकदार नहीं हैं। यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है, तो सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। जानकारों का मानना है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी सीएससी संचालकों, दलालों और यदि किसी अधिकारी की भूमिका पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक हितग्राहियों को उनका अधिकार मिल सकेगा।


Subscribe to my channel