Madhya Pradesh News : “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के 13वें दिन क्षेत्र वासियों को साइबर पोर्टल के माध्यम से किया गया जागरूक

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत छतरपुर जिले में निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले के मार्गदर्शन में जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से भी लगातार साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
अभियान के पहले दिन थाना एवं चौकी परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर, दूसरे दिन स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में, तीसरे दिन बैंक, एटीएम, डाकघर एवं कॉमन सर्विस सेंटरों में, चौथे दिन महिलाओं एवं बच्चों के लिए, 5वें दिन जन चौपालों के माध्यम से, 6वें दिन स्वास्थ्य एवं जनसेवा संस्थानों में, 7वें दिन नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता रैली, 8वें दिन सोशल मीडिया के माध्यम से, 9वें दिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं पेट्रोल पंपों, 10वें दिन धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों, 11वें दिन शासकीय कार्यालय पर, 12वें दिन मुनादी एवं विशेष जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से गली-गली में प्रचार प्रसार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के 13वें दिन जिले के विद्यालयों सहित नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के बारे में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को जागरूक किया गया। इस दौरान संचार साथी/CEIR पोर्टल के माध्यम से खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक एवं ट्रेस कराने की प्रक्रिया, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से ऑनलाइन साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की जानकारी तथा बैंकिंग GRM पोर्टल के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी के मामलों में खाता फ्रीज एवं शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया से आमजन को अवगत कराया गया। छतरपुर पुलिस की अपील: यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी अथवा संदिग्ध डिजिटल गतिविधि होती है, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



Subscribe to my channel