Jharkhand News हूल दिवस पर सिंदरी में वीर शहीद सिदो-कान्हू को भावभीनी श्रद्धांजलि, भाजपा नेताओं ने किया माल्यार्पण
सिंदरी बस्ती में हूल दिवस पर शहीद सिदो-कान्हू को नमन, उनके बलिदान को बताया प्रेरणा का स्रोत

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
हूल दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को सिंदरी बस्ती स्थित वीर शहीद सिदो एवं कान्हू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान और संघर्ष को याद किया गया। इस अवसर पर सिंदरी की लोकप्रिय भाजपा नेत्री श्रीमती तारा देवी एवं झारखंड प्रदेश के मंत्री सह धनबाद जिला ग्रामीण प्रभारी श्री दिलीप वर्मा ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में भाजपा धनबाद जिला ग्रामीण के जिलाध्यक्ष श्री मोहन कुंभकार, सिंदरी नगर अध्यक्ष श्री संजू महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने वीर शहीदों के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संथाल हूल के महानायक वीर सिदो-कान्हू ने अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध जिस साहस, त्याग और संघर्ष का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका बलिदान आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और राष्ट्रहित एवं समाजहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीद सिदो-कान्हू के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में एकता, न्याय और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। हूल दिवस के अवसर पर पूरा वातावरण देशभक्ति और वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा।





Subscribe to my channel