जिला स्तरीय शालेय खेलकूद कैलेंडर के अनुमोदन हेतु व्यायाम अनुदेशकों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

बस्तर जिले में वर्ष 2026-27 के जिला स्तरीय शालेय खेलकूद कैलेंडर के अनुमोदन तथा आगामी खेल गतिविधियों की रूपरेखा निर्धारित करने के उद्देश्य से जिले के समस्त व्यायाम अनुदेशकों की एक महत्वपूर्ण बैठक जगतु महारा हायर सेकेंडरी स्कूल, जगदलपुर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने संबंधी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. रामकुमार एवं जिला खेल अधिकारी डी. केमरो की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर शालेय खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है, जिससे उनका व्यक्तित्व निखरता है।

बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली जिला स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं के कैलेंडर पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न खेल विधाओं के आयोजन, संभावित तिथियों, आयु वर्गों, आयोजन स्थलों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव प्राप्त किए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई कि जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक अवसर प्राप्त हो सके। जिला खेल अधिकारी डी. केमरो ने कहा कि बस्तर जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने सभी व्यायाम अनुदेशकों से खेल गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से संचालित करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक में खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन, खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण, खेल सामग्री की उपलब्धता एवं प्रतियोगिताओं के बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। उपस्थित सभी व्यायाम अनुदेशकों ने खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों के हित में समन्वित प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक में प्रमुख रूप से वेद प्रकाश सोनी, प्रदीप राव, सुनील पिल्लई, अतुल शुक्ला, जोगेंद्र ठाकुर, डोरीस सुना,मधु सुदन वर्मा श्रवण कुमार साहू नीरज पांडे तथा कोटेश्वर राव नायडू सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम अनुदेशक उपस्थित रहे। बैठक का समापन इस विश्वास के साथ किया गया कि सुव्यवस्थित खेल कैलेंडर एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बस्तर जिले में शालेय खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

Subscribe to my channel