Uttar Pradesh News 25 हजार का इनामी अपहरणकर्ता पुलिस मुठभेड़ में ढेर, कई राज्यों में था वांछित

रिपोर्टर एजाज नबी जैदी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी, शातिर हिस्ट्रीशीटर एवं अपहरण के मामलों में वांछित आरोपी घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल मय 14 जिंदा एवं 5 खोखा कारतूस 32 बोर, एक अवैध तमंचा मय 5 जिंदा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त एक ओरा कार, एक कूटरचित आधार कार्ड, एक पर्स, अपहृता की पीली धातु की एक जोड़ी कान की बालियां, एक मोबाइल फोन तथा 6390 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक अभियुक्त थाना सिविल लाइन क्षेत्र सहित चंडीगढ़, सहारनपुर, मेरठ और अन्य राज्यों में दर्ज कई संगीन मुकदमों में वांछित था। इतना ही नहीं, वह पूर्व में पुलिस कस्टडी से फरार भी हो चुका था। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Subscribe to my channel