तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाला ‘बड़ा पुजारी’ गिरफ्तार, 26.95 लाख रुपये बरामद
तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाला ‘बड़ा पुजारी’ गिरफ्तार, 26.95 लाख रुपये बरामद

मनकापुर (गोण्डा)। पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठान के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये और जेवरात हड़पने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली मनकापुर एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 26 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शफीक अली उर्फ बड़े पुजारी पुत्र अनवार अहमद निवासी चमन कॉलोनी, लिसाड़ी रोड, मेरठ के रूप में हुई है, जो लोगों के बीच स्वयं को पंडित रामस्वरूप शर्मा (भगत जी) बताकर ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथी विभिन्न जनपदों में पर्चे बांटकर तंत्र-मंत्र और ज्योतिष के माध्यम से समस्याओं के समाधान का दावा करते थे। संपर्क करने वाले लोगों को विश्वास में लेकर उनके घरों में विशेष पूजा-पाठ शुरू कराया जाता था। पूजा के दौरान परिवार के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी एक डिब्बे या कलश में रखवाई जाती थी।
सांप दिखाकर बनाते थे भय का माहौल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह का मुख्य सदस्य पूजा के दौरान अपने पास छिपाकर रखा सांप निकालकर दिखाता था, जिससे परिवार के लोग भयभीत होकर पूजा स्थल से दूर हो जाते थे। इसी दौरान गिरोह के सदस्य कलश या डिब्बे में रखे जेवरात और नकदी निकाल लेते थे तथा लोगों को कई दिनों तक डिब्बा न खोलने की हिदायत देकर फरार हो जाते थे।
गोण्डा और बहराइच में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने गोण्डा के ददुवा बाजार, जानकीनगर कॉलोनी, आजाद नगर मनकापुर सहित बहराइच के दरगाह शरीफ क्षेत्र में कई लोगों को अपना शिकार बनाया। आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण नेपाल में बेच दिए जाते थे और प्राप्त धनराशि का उपयोग निजी खर्चों में किया जाता था।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं पांच आरोपी
इस मामले में 7 मई 2026 को पुलिस ने गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, भारी मात्रा में आभूषण, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और अन्य सामग्री बरामद की थी। मुख्य आरोपी शफीक अली फरार चल रहा था, जिसे शुक्रवार को मनकापुर क्षेत्र के बंदरहा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यायालय भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच जारी है।




Subscribe to my channel